गुरुवार, 23 अगस्त 2012

बहू लायेंगे इंग्लैंड से

  आदरणीय अन्ना अंकल,
  बेटी बचाओ के नारों के इस दौर में एक नारे ने मेरी नींद हराम कर रखी है . यह नारा लगभग हर मंच से गूंजने लगा है ”बेटी नहीं बचाओगे तो बहू कहां से लाओगे ?“
 देखने में यह नारा बेटियां बचाने के पक्ष में लगता है जबकि वास्तव में ऐसा है नहीं . इसमें चिंता बेटी बचाने को ले कर नहीं बल्कि अपने लाड़ले के लिए बहू लाने  को ले कर है कि बेटियां अगर नहीं बचाई गई तो आपके बेटे रण्डुए रह जायेंगे और आपने दहेज़ में एक किलो सोना और कार लेने का या बाद में बहू को जला कर आनन्द लेने का जो सपना देख रखा है, वह अधूरा रह जाएगा. कोई माने या न माने, लेकिन नारा साफ कह रहा है कि और लोगों  को बेटियां बचानी ही चाहिए ताकि हमारे  बेटे को बहू आसानी से मिल जाए. क्योंकि भारत ने अभी इतनी तरक्की तो की नहीं कि कोई अपनी ही बेटी को बहू बना ले .तो मतलब साफ है कि ये नारा यह नहीं कहता कि बेटियां हम बचाएं बल्कि यह सुझाव दे रहा है कि जहाँ हमारे बेटे का रिश्ता  हो सकता है, वे परिवार बेटियां बचाएं ताकि हम बहू ले आएं  . यानि, कुला जामा  बात तो यह हुई कि सारा मामला बहुओं को बचाने का है, बेटियों को बचाने का नहीं . शायद  इसी बात पर गालिब ने कहा था :
  ” वो कहते हैं मेरे भले की
    लेकिन बुरी तरह “
दूसरी बात ये कि यह नारा चुनौती देता है कि बहू कहां से लाओगे ? चुनौती जब भी कोई देता है, हम भारतवासी आगे बढ कर स्वीकार कर लेते हैं. सारे भारतवासी न सही हमारा पड़ौसी राम दुलारे तो स्वीकार कर ही लेता है. कल ही हमारे मोहल्ले के मंच से नारा गूंजा ” बेटी नहीं बचाओगे तो बहू कहां से लाओगे ?“ राम दुलारे तुरंत चिल्लाया ” बिहार से, बंगाल से, उड़ीसा से . और अब तो इंटरनेट, फेसबुक का ज़माना है तो चैटिंग-सैटिंग करके पोलैंड  या होलैंड  से भी ले आयेंगे .“
मंच-संचालक को राम दुलारे का जवाब बहुत बुरा लगा . लेकिन राम दुलारे समझाने लगा कि इसी सवाल को ऐसे पूछो ”बहुएं नहीं बचाओगे तो बेटी कहां से लाओगे? यानी, पहले बहुओं को तो बचाना सीख लो , बेटियाँ तो खुद हो जायेंगी .
  इस बात पर भीड़ में बैठी कुछ सास टाइप औरतें नाराज़ हो गई कि यह मुआ भी ज़ोरू का गुलाम निकला ! कोई हम बूढियों का पक्ष भी तो ले, सास को बचाने की बात क्यों नहीं कहते, हरामियो ?
तब से बेचारा मंच-संचालक अपना सर पकड़े बैठा है कि बेटियां बचाने के लिए वह क्या नारा लगाए ? इतना तो वह भी जानता है कि बेटियां नारे लगाने या उनकी घुड़चढी करवा देने से नहीं बचती . खुद जब वह पिछले साल अपनी पत्नी को मैटरनिटी होम ले कर जा रहा था तो उसकी मां ने कहा था ” चांद सा बेटा ले कर आना . ईंट-पत्थर मत ले आना .“
ऐसे में आप ही हमारी मदद कर सकते हैं यह समझा कर कि बेटियां ईंट-पत्थर  नहीं होती बल्कि वे  तो छुई-मुई का पौधा होती हैं जिन्हे खाद-पानी और खुला आसमान तो चाहिए ही, अनचाहे स्पर्श  से भी दूर रखे जाने की भी वे मांग करती हैं .
आपका अपना बच्चा,
मन का सच्चा,
अकल का कच्चा
- प्रदीप नील 

शनिवार, 18 अगस्त 2012

फव्वारा चौक का अन्ना ?

     

आदरणीय अन्ना अंकल,
                  आपने भ्रष्टाचार  के खिलाफ जो आंदोलन छेड़ा उसका नतीज़ा यह हुआ कि आम आदमी अब सिर्फ नेताओं और कर्मचारियों को चोर मानने लगा है और उसे अपनी कोई भी कमी नज़र नहीं आती.
 अब  देखो न अंकल , औसत दूधिया दोनों समय पानी मिला कर दूध बेचता है और फिर भी  यह दावा करता है कि वह तो किसी तरह बच्चों का पेट पाल रहा है. इन नेताओं को देखो ना जो करोड़ों खा गए. बिल्कुल यही बात बिजली और पानी की चोरी करने वाला सोचता है और यही बात वह भी कहने लगा है जो नकली घी बनाता है या सोने में पीतल मिलाता है . किसी का बिना हैल्मेट के चालान कटने लगता है तो उसकी यही दलील होती है कि पुलिस वाले खुद तो हैल्मेट पहनते नहीं और हमारा चालान काटते हैं . यानि हर चोर अब नेताओं को चोर बता कर खुद को सही ठहराने  लगा है .
 अंकल जी, आप तो हमें शायद  यह सिखा रहे थे कि शराब  से कीड़े मर जाते है़ं इसलिए यह हानिकारक है जबकि हमने यह समझा कि शराब अच्छी चीज़ है जिसे पीने से पेट के कीड़े मर जाते हैं . आप को लगता नहीं कि आप कैसे-कैसे  चेलों के गुरू हो गए ?
इससे भी बड़ी बात तो यह अंकल जी, कि हम लोगों की नज़दीक की नज़र बहुत  कमज़ोर हो गई है और दूर की बहुत तेज.  हमें दिल्ली के राम लीला मैदान में खड़ा अन्ना तो दिखता है लेकिन मेरे अपने  शहर  के फव्वारा चौक पर खड़ा रहने वाला अन्ना नहीं दिखता . यह अन्ना ना तो खादी पहनता है और ना  गांधी टोपी ही  बल्कि पुलिस की वर्दी में  हर समय हैल्मेट पहने खड़ा रहने वाला हमारे शहर  का ट्रेफिक-इंचार्ज़ देवा सिंह है.  लेकिन हम इतने बेशर्म  हो चुके हैं कि हेलमेट लगाए धरती पर खड़े उस देवा सिंह के  पास से बिना हैल्मेट लगाए बाईक पर गुजरते रहते हैं और एक पल भी नहीं सोचते कि खाकी वर्दी वाला यह आदमी सारा दिन हैल्मेट क्यों पहने रहता है और तब भी जब वह बाईक पर नहीं होता  बल्कि चौक पर  खड़ा होता है ? इसके हाथ में लाठी नहीं है इसलिए हम इसे पुलिस वाला नहीं मानते और इसने गांधी टोपी नहीं पहनी इसलिए हम इसे अन्ना भी नहीं मानते. हम अन्ना का भक्त उसी को मानने लगे हैं जो कुछ भी करे लेकिन टोपी लगा ले जिस पर लिखा हो ” मैं भी अन्ना “ लेकिन यह बात हम बेवकूफों को कौन समझाए कि अन्ना तो मन से अन्ना होता है उसने चाहे गांधी टोपी पहन रखी हो या हैल्मेट .
खाकी वर्दी में कहते हैं बहुत नशा  होता है लेकिन इस इंस्पेक्टर को देख कर यह बात झूठ लगती है .यह नशे की बजाए प्रेरणा से लोगों को समझाना चाहता है . लेकिन हम जूत्ते से समझने वाले लोग....
कल को यही देवा सिंह पुलिसिया लाठी उठा कर खड़ा हो जाए कि आओ मेरे प्यारो आज देखता हूं कौन मेरे पास से बिना हैल्मेट लगाए गुजरता है ? तब क्या होगा ? लोग या तो रास्ता बदल जायेंगे या हैल्मेट लगा कर ही उधर से गुजरेंगे .लेकिन वही दलील फिर भी देंगे कि नेता तो देश  को लूट के खा गए उनका कोई पुलिस वाला  कुछ बिगाड़ता नहीं, हमने क्या अपराध किया है , एक छोटा सा हैल्मेट ही तो नहीं पहना .अंकल जी, आप को लगता नहीं कि आप कैसे-कैसे भक्तों के देवता हो गए ? 
आपका अपना बच्चा,
मन का सच्चा,
अकल का कच्चा
--- प्रदीप नील

रविवार, 10 जून 2012

सुनो अन्ना,
                         मन डोले, मेरा तन डोले

आदरणीय अन्ना अंकल,
  कल मैं भक्तों के हाथों और लातों बुरी तरह पिटा .पर अब सोचता हूं कि गलती तो मेरी ही थी.
असल में हुआ यूं, अंकल जी कि हमारे महल्ले में भजन-कीर्तन का आयोजन हो रहा था . अब थोडे़ बहुत पाप मैं भी कर लेता हूं इसलिए सुधरने के लिए वहां चला गया और पूरी श्रद्धा सहित हाथ जोड़ कर बैठ गया .मंच पर एक बहुत ही सुंदर गायिका प्रकट हो गई तब भी मैंने अपनी आंखें कस कर बंद रखी और परमात्मा में ध्यान लगाने की कोषिष करने लगा .गायिका ने आलाप लिया और गाना षुरू कर दिया ”भोले न्यूं बोले, षिवजी न्यूं बोले... “
और मेरी आंखें खुल गई कि यह तो ” मन डोले, मेरा तन डोले..“ की धुन है .सभी भक्त झूम रहे थे पर मेरा ध्यान गायिका के षब्दों पर लग ही नहीं पा रहा था पुरानी फिल्म ”नागिन“ का मन डोले... गीत याद आ रहा था .
और मैं खड़ा हो गया . मैंने कहा ” आप हमें पाप से दूर ले जाने के लिए भजन गा रही हैं .और खुद धुन चोरी कर रही हैं .क्या सिखाएंगी आप हमें ?“
नतीज़ा यह हुआ कि भजन भूल कर गायिका सन्न खडी़ रह गई .चारों तरफ षोर मच गया . कोई मुझे नषेडी़ कह रहा था, कोई कह था कि रावण का वंषज है जो भक्ति में विघ्न डालने आ गया .और भजन-मंडली का सोचना था कि आजकल सारे ऐसे ही तो गाते हैं और मुझे ज़रूर ही उनके प्रतिद्वंदी ने भेजा है कढी बिगाड़्ने के लिए .बस माईक से एक ही षब्द आया ”मारो“
अंकल जी, अपने देष में ” मारो “ कहने की तो ज़रूरत ही नहीं पड़ती क्योंकि भीड़ में घुस कर मारना तो हमारा मुख्य-धंधा है .तब आपके इस बच्चे की क्या हालत हुई होगी, आप सोच ही सकते हैं .
वैसे अब मुझे अपनी गलती समझ आ रही है . मुझे चाहिए तो यह था कि एक आंख बंद करके मुण्डी हिलाता रहता और भजन को सुनता या देखता रहता . कितना पुण्य मिलता ! पर मुझसे ऐसा नहीं हो पाया इसलिए वहीं पिट गया और पाप की सज़ा पा गया .
अंकल जी, अब भजन-कीर्तन में जाने से डरने लगा हूं .क्या आप थोड़ा पिघला हुआ षीषा भिजवा देंगे ? इसे मैं अपने कानों में भरवा लेना चाहता हूं .
आपका अपना बच्चा,
मन का सच्चा,
अकल का कच्चा
- प्रदीप नील

रविवार, 15 अप्रैल 2012

अपनी- अपनी गरीबी रेखा

                                                                अपनी- अपनी गरीबी रेखा

आदरणीय अन्ना अंकल,
मेरा एक मित्र है राम औतार . करोड़पति है, कोठी -कार और सब सुविधाएं उसके पास हैं लेकिन चाय पीने का मन होने के बावज़ूद जेब से पांच रूपए नहीं निकालना चाहता और तलाश  में रहता है कि कब उसे कोई चाय-बीडी़ पिलाने वाला मिले . ऐसे में मैं उसकी औकत मात्र पांच रूपए ही समझता हूं और चाहता हूं कि मेरा वह मित्र अपने आप को गरीबी रेखा से नीचे मान ले लेकिन मित्र है कि उसे अपने आप के करोड़पति होने का घमण्ड रहता है . मैं सरकार होता तो उसे यकीनन ही गरीबी रेखा से नीचे रखता और वह इस बात पर मुझे कोसता. यानि सरकार की फज़ीहत तो तय है .
 मेरा दूसरा मित्र राम खिलावन झोंपडे़ में रहता है .दाने-दाने का मोहताज़ है लेकिन घर में दो मोबाइल फोन हैं और हर शाम  देसी शराब  का अद्धा पता नहीं कैसे उसके पास आ जाता है . उसे दुख है कि उसके पास साईकिल ही क्यों है , बाईक क्यों नहीं ?  वह चाहता है कि उसे गरीबी रेखा से नीचे मान लिया जाए और सरकार उसके आठों बच्चों को पाले . मैं सरकार होता तो उसे गरीबी रेखा से ऊपर मानता . जिसके घर में केबल टी वी हो, दो मोबाइल हों ,हर शाम  शराब  का जुगाड़ हो और जो  आदमी बेचारी सरकार तक को अपने बच्चों की आया बनाने के सपने देखता हो उसे गरीबी रेखा से नीचे रखना तो रेखा की बेइज़्ज़ती होती .ऐसे में मैं सरकार होता तो यकीनन ही राम खिलावन मुझे गालियां देता . यानि, सरकार की फज़ीहत तो तय है .
सच तो यह है कि इस गरीबी रेखा की शक्ल  जिसने बिगाड. रखी है वह औरत हमारे महल्ले में रहती है . कुछ साल पहले जनगणना हुई थी तो पता चला था कि वह हर सेकिण्ड एक बच्चे को ज़न्म दे डालती है . अब मुझे पूरा यकीन है कि वही औरत आज़कल हर सेकिण्ड तीन नहीं तो कम से कम दो या डेढ बच्चे तो ज़रूर ही पैदा करने लगी है .
और उस औरत के सामने बेचारी सरकार मुझे तो सातवीं क्लास को पढाने वाली ड्राइंग भैंजी लगती है . भैंजी बेचारी ब्लैक-बोर्ड की तरफ मुंह करके गरीब बच्चों के चारों तरफ गरीबी रेखा खींच रही होती है कि पीछे से वह औरत दो बच्चे उसे रेखा के पास गिरा कर ताली बजा कर हंसती है और मज़ाक उड़ाने लगती है कि ऐसी औरत को किसने भैंजी लगा दिया जिसे सही रेखा ही नहीं खींचनी आती .भैंजी हैरान-परेशान  होकर वह रेखा मिटाकर दूसरी बना ही रही होती है कि वह औरत पांच बच्चे फैंक कर भैंजी को मूर्ख साबित कर देती है . यानि, सरकार की फज़ीहत तो तय है .
लोग सरकार की बनाई गरीबी रेखा से खुश   नहीं होते और हरेक को शिकायत  बनी रहती है .
 जिस तरह जितने मुंह उतनी बातें, उसी तरह जितने लोग उतनी ही गरीबी रेखाएं . ऊपर से दिक्कत यह कि आज़कल लोग मुंह भी दो-तीन रखने लेगे हैं .ऐसे में क्या हो सकता है ?  यानि, सरकार की फज़ीहत तो तय है .


आपका अपना बच्चा,
मन  का सच्चा,

अकल का कच्चा

- प्रदीप नील

शुक्रवार, 11 नवंबर 2011

कहाँ है भगत सिंह की दुल्हन ?

 आदरणीय अन्ना अंकल,
कल मैंने हमारी कक्षा की दो लड़कियों की बातें छुप कर सुनी।, आपको बता दूं
” भगत सिंह कितना रोमांटिक रहा होगा, ना?“
” तुम्हे कैसे पता ?“
” क्यों हिस्ट्री के पीरियड में मैडम बता तो रही थी कि उसने सपने तो देखे किसी ”क्रान्ति“ के लेकिन दुल्हन बना लिया ”आज़ादी“ को . इसी अफेयर की वज़ह से तो उसे प्राण भी गंवाने पडे़ .“
” सो सैड. मारा गया बेचारा. मैं तो कहती हूं यह ओनर-किलिंग रही होगी “
” सो तो है ही. इस क्रान्ति ने भी जाने कितने लड़कों को मरवाया होगा “
” यू मीन, क्रान्ति इतनी बेकार है?“
”और नहीं तो क्या ? नहीं तो आज़ भी लड़के हमारी बजाए उसी के पीछे न भागते?“
” सही कहा. वैसे टीचर ने क्या बताया भगत सिंह की दुल्हन का क्या हुआ?“
” स्टुपिड ओनर-किलिंग एक तरफा नहीं होती . किसी न किसी ने तो उसे भी ज़रूर ही मारा या टार्चर किया होगा?“
     अंकल जी उसके बाद की बातें नहीं सुन पाया क्योंकि चेतना और जागृति नाम की ये दोनों लड़कियां विवेक और चेतन्य नाम के लड़कों के साथ गप्पें हांकने लगी, जो इन्हे खोजते हुए यहां आ गये थे.
   अंकल जी आप ही बताईये, जिस देश  की चेतना और जागृति इतनी स्टुपिड हों , और जिस देश  के विवेक और चेतन्य उनके पीछे चक्कर काटते हों, उस देश  को गुलाम होने से कोई रोक सकता है?
       वैसे उन बेवकूफ लड़कियों के एक सवाल में मैं अभी तक उलझा हूं कि भगत सिंह की दुल्हन का क्या बना होगा ? भगत सिंह की ओनर-किलिंग तो सभी जानते हैं किसने की थी .
आपका अपना बच्चा
मन का सच्चा
अकल का कच्चा
प्रदीप नील
                                 

गुरुवार, 10 नवंबर 2011

नेता का दिमाग घुटने में ?

आदरणीय अन्ना अंकल ,
कल हमारे संगीत वाले सर हमें देशभक्ति का गाना सिखा रहे थे,लेकिन बहुत ही गुस्से में थे. बोलने लगे,“ बच्चो,कहां का देश,और कैसा देश ! तुम्हारे सामने भला-चंगा खडा हूं.मुझे तो कल रिटायर होना पडेगा. और इधर नेता हैं कि 70 साल के हो जाएं,घुटने काम ना कर रहे हों,तो भी उन्हे रिटायर करने वाला कोई नहीं है.“
यह अन्याय की बात सुनकर हम तो हैरान रह गए, अंकल जी.
तभी चपडासी पानी लेकर आया,प्रिंसीपल को गालियां देता हुआ. सर की बात सुन कर बोला,“देश तो अब पाताल को जाएगा ही. यहां अंधे तो बच्चों को संगीत सिखाते हैं“
यह सुनते ही संगीत वाले सर चिढ गए. चिल्लाए,“ बकवास क्यों करता है,राम औतार के बच्चे ? मैंने संगीत गले से सिखाना होता है, आंखों से नहीं “
राम औतार उसी तर्ज़ पर बोला,“ तो तू भी जान ले,राम लुभाए कि नेता ने देश दिमाग से चलाना होता है, घुटनों से नहीं “
यह बहस ज्यादा देर नहीं चली, क्योंकि दोनो एकदम से “नवीन भारतीय संस्कृति“ पर उतर आए.यानी संगीत वाले सर जी तबले पर थाप की तरह राम औतार के सिर पर सितार मारने लगे. राम औतार इस भरोसे के साथ कि प्रिंसीपल उसने बनना नहीं,चपडासी से नीचे कुछ बना सकते, हुक्म बजाने की तरह सर के सिर पर जूत्ता बजाने लगा.
हम सभी ज़ोर-ज़ोर से रोने लगे तो पूरा स्कूल भागकर आया और उन्हे छुडवाया.
अंकल जी,हम तो हैरान रह गए कि इस तरह तो हम बच्चे भी नहीं लडते. जब हम बच्चे लडते हैं तो सारे सर एक ही बात कहते हैं “तुम्हारा क्या मकान बंट रहा था,जो बंदूक निकाल ली ?“ आज हमें समझ नहीं आया कि  यहां कौन सा मकान बंट रहा था?
अंकल जी,हमें सबसे घटिया बात तो यह लगी कि ये बड़े  लोग एक दूसरे की शारीरिक अक्षमता का मज़ाक उडा रहे थे.कोई अपाहिज या बीमार है तो इसमें उस बेचारे का क्या कसूर?
घर जाकर  दादा जी से मैं पूछने लगा कि नेता को किस उम्र में रिटायर होना चाहिए ?
दादा जी गुस्से से  बोले ' मैं कोई नेता तो हूँ नहीं . किसी नेता से ही पूछ ले जो सत्तर साल से ऊपर का हो ".
अब आप ही बताइए अंकल कि यह बात किससे पूछूं ?
आपका अपना बच्चा
मन का सच्चा
अकल का कच्चा
प्रदीप नील 

मंगलवार, 8 नवंबर 2011

”नो स्नान-नो मतदान“

कल हमारे नेता राम औतार ने मुझसे कहा“ अन्ना के भतीजे, सुन,मैं चुनाव-सुधार अभियान में योगदान देना चाहता हूं,इतिहास में दर्ज़ कर लेना. अपने अंकल से बोलना कि मेरे सुझाव ये हैं :
(1).तीसरी क्लास का बच्चा भी जानता है कि ”नेता” शब्द पुलिंग है और ”जनता” स्त्रीलिंग. जनता नाम की लडकी को उम्मीदवार नाम के 10-15 लडकों में से किसी एक को पसंद करना होता है. इस प्रकिया का नाम चुनाव नहीं बल्कि ”स्वयंवर” है. अतः सबसे पहले इसका नाम बदला जाए.
(2).कुछ मतदाता पैसा हमसे लेते हैं,वोट किसी और को दे आते हैं. यह “ साई और को,बधाई किसी और को“ टाइप भ्रष्टाचार  बंद होना चाहिए. इसके लिए बिल लाया जाए.
(3). चुनाव के वक्त कुछ लोग घोषणा  कर देते हैं कि उनका जब तक अमुक  काम पूरा नहीं होगा,वे मतदान नहीं करेंगे.यह व्यवहार उस बुआ जैसा है जो भतीजे की शादी में रूठ जाती है.
फूफाओं से कहिए कि ऐसी बुआओं पर लगाम लगाएं.
(4). चारों तरफ “स्वच्छ“चुनाव प्रकिया पर ज़ोर दिया जा रहा है, लेकिन इधर किसी का ध्यान नही है कि मतदाता बूथ पर नहाकर भी आया है,या नहीं ? पोलिंग अफसर को चाहिए कि मतदाता को सूंघकर,तसल्ली होने के बाद ही वोट डालने दे. आगामी चुनावों का नारा भी सुझा देता हूं ”नो स्नान-नो मतदान“
(5). मतदाता ने मत किसको दिया,इस बात की पूरी गोपनीयता रखी जा रही है. अबे, मैं पूछता हूं कि यह मतदान है या गुप्तदान ? वोटर को वोट डालने का हक है, तो हमें लेने का भी तो है. किस बात का दान ? अगर आप मेरे सुझाव नंबर एक को दोबारा देखें तो दान टाइप कोई और शब्द आप ही बता देंगे.
(6). पोलिंग बूथ अक्सर स्कूलों में बनाए जाते हैं. हमें पढाने वाले गुरू जी रोज कहते थे कि स्कूल के बच्चों और बंदरों में कोई फर्क नहीं होता.स्कूल में घुसते ही मतदाता का मन कैसा हो जाएगा,सोचना ज़रा? भगवान न करे, भेड-फार्म में पोलिंग बूथ हो तो? जब सुधार ही करना है तो सारे बूथ “सुधार-गृह“ में होने चाहिएं. विचार भी शुद्ध  रहेंगे, प्रकिया भी.

बाप रे बाप! अंकल जी, आप भी यह क्या सुधार का झमेला ले बैठे ? मुझे तो नहीं लगता, हम राम औतार का एक भी सुझाव, इस जन्म में लागू कर पायेंगे.
  चिट्ठी आपको इसलिए लिख दी कि कल को कोई यह न बोलने लगे कि ये नेता लोग ही चुनाव सुधार के पक्ष में नहीं हैं.
आपका अपना बच्चा
मन का सच्चा
अकल का कच्चा
प्रदीप नील